बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी केस में तीसरी गिरफ्तारी, CCTV में जेब में सामान भरता दिखा आरोपी
चमोली। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितता के मामले में एसआईटी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मनोज कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज कुमार जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की लामबगड़ जल विद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के तौर पर कार्यरत था। कंपनी के अधिकारियों के मेहमानों और रिश्तेदारों को वीआईपी दर्शन कराने के लिए उसे समय-समय पर बदरीनाथ मंदिर भेजा जाता था।
CCTV में जेब में दान सामग्री रखते दिखा आरोपी
एसआईटी ने 25 और 29 जून की मंदिर परिसर की सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। फुटेज में मनोज कुमार कथित तौर पर थाली भेंट गणना कक्ष में दान सामग्री में से सामान निकालकर अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि चोरी की कुछ सामग्री उसने अपने कमरे में रखी थी, जबकि कुछ सामान यात्रियों को बेच दिया था।
कमरे से चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
एसआईटी ने आरोपी के लामबगड़ स्थित कमरे से चांदी और अन्य धातुओं के आभूषण, सिक्के, प्रतिमा, कंगन, ब्रेसलेट और दंड समेत अन्य सामग्री बरामद की है। इसके अलावा चोरी की सामग्री बेचकर मिले 6 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस को वह बेडशीट भी मिली, जिस पर कथित तौर पर चोरी की गई सामग्री रखकर उसकी तस्वीरें खींची जाती थीं। आरोपी के मोबाइल फोन की रिसायकल बिन से भी चोरी के सामान की तस्वीरें बरामद होने की बात सामने आई है।
प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान पहले ही गिरफ्तार
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में 8 जुलाई 2026 को बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने इससे पहले प्रमोद नौटियाल और पूर्व कर्मचारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।
अब तीसरे आरोपी मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद एसआईटी कथित चोरी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद प्रदेश में सियासी विवाद भी गरमा चुका है। अब तीसरी गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है।

