चमोली में ममता हुई शर्मसार! गधेरे में जीवित मिला नवजात, पुलिस जांच में जुटी
- रागतोली गांव के पास रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण, जिला अस्पताल में कराया भर्ती; मां की तलाश शुरू
रिपोर्ट- गिरीश चंदोला
गोपेश्वर (चमोली): चमोली जिले के दशोली विकासखंड के रागतोली गांव के समीप गुरुवार सुबह एक गधेरे में जीवित नवजात शिशु मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने रागतोली गांव के पास गधेरे से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एक नवजात शिशु को लावारिस अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे का उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का अनुमान है कि किसी ने सुबह के समय ही नवजात को गधेरे के पास छोड़ दिया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि रागतोली गधेरे के पास एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिला है। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।


