क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड की 10 बड़ी खबरें। सीएम धामी का दौरा, कांवड़ हादसा, CB-CID जांच और कई अहम फैसलें

उत्तराखंड की 10 बड़ी खबरें। सीएम धामी का दौरा, कांवड़ हादसा, CB-CID जांच और कई अहम फैसलें

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और दुर्घटनाओं की खबरों से भरपूर रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधम सिंह नगर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जबकि कांग्रेस ने उनके दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया।

वहीं हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। सृष्टि कंडारी मौत मामले की जांच अब सीबी-सीआईडी को सौंप दी गई है। पढ़िए

दिनभर की प्रमुख खबरें

1. गदरपुर में सीएम धामी ने विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में बस अड्डा, खंड विकास कार्यालय समेत कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और नई सड़कों का शिलान्यास किया। कांग्रेस ने दौरे के दौरान काले झंडे दिखाए, जबकि पुलिस ने कांग्रेस नेता शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में लिया।

2. हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत

  • ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास नहाने के दौरान चंडीगढ़ के चार कांवड़िए गंगनहर में डूब गए। सभी के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

3. सृष्टि कंडारी मौत मामले की जांच अब CB-CID करेगी

  • मुख्यमंत्री धामी ने सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत की जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के आदेश दिए हैं। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

4. एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी पर रेड कॉर्नर नोटिस

  • सात महीने से फरार मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। पुलिस अब प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करेगी।

5. नैनीताल न्यू पालिका बाजार में भीषण आग

  • तमंग फास्ट फूड की दुकान में लगी आग सिलेंडर विस्फोट के बाद पांच दुकानों तक फैल गई। दमकल ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

6. देहरादून में दो मासूम बहनों की नाले में डूबने से मौत

  • क्लेमेंटटाउन की नई बस्ती में खेलते समय बरसाती नाले में बहने से सात वर्षीय लक्ष्मी और साढ़े तीन वर्षीय सोनाक्षी की मौत हो गई।

7. हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

  • पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया।

8. चंपावत के स्वाला गांव में यूट्यूबरों की एंट्री पर रोक

  • ग्राम पंचायत ने गांव को “भूतिया गांव” बताकर वीडियो बनाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबरों के बिना अनुमति प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

9. उत्तराखंड पुलिस का एक और जवान निलंबित

  • पिथौरागढ़ में तैनात सिपाही अमित कुमार का वर्दी में वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

10. साइबर ठगी रोकने के लिए RBI और उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त रणनीति

  • साइबर वित्तीय अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए RBI और उत्तराखंड पुलिस ने 24×7 बैंक-पुलिस समन्वय प्रणाली विकसित करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में करीब 80 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि होल्ड कर पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया चल रही है।