क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में आज क्या-क्या हुआ? पढ़िए दिनभर की 6 सबसे बड़ी खबरें….

उत्तराखंड में आज क्या-क्या हुआ? पढ़िए दिनभर की 6 सबसे बड़ी खबरें….

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को कानून-व्यवस्था, अपराध और न्यायालय से जुड़े कई बड़े घटनाक्रम सामने आए। नैनीताल के नयना देवी मंदिर में एक संदिग्ध युवक के प्रवेश से हड़कंप मच गया, जबकि अंकिता भंडारी हत्याकांड में हाईकोर्ट ने दोषियों को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया।

देहरादून में युवती का वीडियो बनाने की कोशिश का मामला सामने आया, हरिद्वार पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और अवैध खनन के खिलाफ मुखर रहे वन विभाग के एसडीओ को निलंबित कर दिया। इसी बीच मसूरी में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

नयना देवी मंदिर में संदिग्ध युवक मिलने से मचा हड़कंप

नैनीताल के प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में एक संदिग्ध युवक के प्रवेश से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। युवक मंदिर में दर्शन करने के बाद संदिग्ध गतिविधियां करता मिला। मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में कोई आपराधिक या संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पुलकित आर्या और सौरभ भास्कर की जमानत याचिका पर तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए अगली सुनवाई 20 जुलाई तय की। अभियोजन ने अदालत में सबूत मिटाने और डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों का हवाला देकर जमानत का विरोध किया।

देहरादून में युवती का वीडियो बनाने की कोशिश

पटेलनगर क्षेत्र में एक युवती का नहाते समय मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश का मामला सामने आया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी आदिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मसूरी में हुड़दंगियों पर ‘ऑपरेशन प्रहार’

देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मसूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसका वाहन भी सीज किया गया। पुलिस ने साफ किया कि पर्यटक स्थलों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हरिद्वार में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश

हरिद्वार पुलिस ने नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से नकली नोट, लैपटॉप, हाई क्वालिटी प्रिंटर, मोबाइल फोन और विशेष वॉटरमार्क पेपर बरामद किया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

अवैध खनन पर मुखर एसडीओ राजीव नयन निलंबित

वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले एसडीओ राजीव नयन को निलंबित कर दिया है। विभाग ने उन पर अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

हालांकि, उनके निलंबन को अवैध खनन के मुद्दे पर उनके मुखर रुख से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।