देहरादून समेत कई जिलों में आज बारिश की संभावना। सतर्कता बरतने की सलाह
Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आज राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रह सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गर्जन और आकाशीय बिजली की गतिविधियों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और चारधाम यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


