UKPSC ने घोषित की प्रवक्ता भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां, इस दिन से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
UKPSC Latest Update 2026: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग UKPSC) ने उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’) सेवा (सामान्य शाखा एवं महिला शाखा) परीक्षा-2025 के अंतर्गत गणित एवं जीव विज्ञान विषयों की मुख्य लिखित (वस्तुनिष्ठ प्रकार) परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं।
आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विज्ञापन संख्या A-3/S-1/DR (L.I.C)/2025, दिनांक 30 दिसंबर 2025 के तहत विज्ञापित पदों के लिए विषयवार मुख्य परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का प्रथम सत्र प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगा।
परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है:
गणित विषय – 05 जुलाई 2026
- प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि: 20 जून 2026
जीव विज्ञान विषय – 12 जुलाई 2026
- प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि: 27 जून 2026
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in अथवा ukpsc.net.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से ऑनलाइन प्रवेश पत्र में अंकित निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।
इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन आवेदन पत्र में श्रुतलेखक (Scribe) का विकल्प चुनने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक की अनुमन्यता संबंधी अलग से विस्तृत विज्ञप्ति आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है। ऐसे अभ्यर्थियों को संबंधित दिशा-निर्देशों का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।


