अपडेट: सहसपुर हत्याकांड के बाद भड़का जनाक्रोश। आगजनी, पथराव, प्रदर्शन से तनावपूर्ण हुआ माहौल, 3 गिरफ्तार

सहसपुर हत्याकांड के बाद भड़का जनाक्रोश। आगजनी, पथराव, प्रदर्शन से तनावपूर्ण हुआ माहौल, 3 गिरफ्तार

देहरादून। सहसपुर के बैरागीवाला क्षेत्र में खेतों की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। शनिवार रात हुई वारदात के बाद रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों के आसपास आगजनी कर दी।

इस दौरान पथराव की घटनाएं भी सामने आईं, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 13 जून को बैरागीवाला क्षेत्र में खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के करीब दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक विनोद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण देर रात तक पुलिस थाने में डटे रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौके पर मौजूद रहे।

रविवार सुबह जैसे ही घटना की खबर क्षेत्र में फैली, लोगों का गुस्सा उबाल पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित हमलावरों के घरों को निशाना बनाते हुए आगजनी की। कई स्थानों पर तनाव बढ़ने से पथराव की घटनाएं भी हुईं, जिससे हालात और बिगड़ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मृतक के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अब तक 12 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाहों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

सहसपुर की यह घटना अब केवल एक हत्या का मामला नहीं रह गई है, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। प्रशासन शांति बहाली के प्रयासों में जुटा है, जबकि पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।