पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने हिरासत में लिया, सियासी हलचल तेज
देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े लंबे समय से चर्चित विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार देहरादून पुलिस की टीम ने उन्हें बुग्गावाला क्षेत्र से अपने कब्जे में लिया।
सूत्रों के मुताबिक अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और वायरल ऑडियो प्रकरण के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ था। इसी क्रम में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि एक शीर्ष भाजपा नेता की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मामले के सभी पहलुओं पर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है और अधिकारी फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं।
एसएसपी देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल ने सुरेश राठौर को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। सूत्रों का कहना है कि देर रात तक गिरफ्तारी को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
अपडेट जारी…


