उत्तराखंड में अपराध पर सख्ती! HIV केस, मर्डर मिस्ट्री, रेप आरोपी गिरफ्तार समेत 10 बड़ी खबरें….
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार और सोमवार को अपराध, धोखाधड़ी, दुष्कर्म, हत्या और कानून व्यवस्था से जुड़े कई बड़े मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की। कहीं सरकारी शिक्षक पर पत्नी से एचआईवी संक्रमण छिपाने का आरोप लगा तो कहीं करोड़ों रुपये के अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति घोटाले में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
वहीं लक्सर में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि हरिद्वार में चर्चित कौशल्या ब्लाइंड मर्डर केस का भी खुलासा हो गया।
HIV संक्रमण छिपाने का आरोप, सरकारी शिक्षक पर मुकदमा
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद उसके पति पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिजनों का दावा है कि आरोपी सरकारी शिक्षक ने अपनी कथित एचआईवी बीमारी की जानकारी छिपाकर शादी की और बाद में फर्जी मेडिकल रिपोर्ट दिखाकर खुद को स्वस्थ साबित करने की कोशिश की। महिला की मौत के बाद पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रवृत्ति घोटाले में कॉलेज प्रबंधन पर FIR
देहरादून में अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े को लेकर दून कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में कई दस्तावेज और लाभार्थियों का सत्यापन संदिग्ध पाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोपी मुस्तफीक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोचकर जेल भेज दिया।
हर की पैड़ी पर बयान से बढ़ा विवाद
हरिद्वार में कथावाचक संजय कृष्ण भैया के अस्थि विसर्जन संबंधी बयान पर विवाद गहरा गया है। श्री गंगा सभा और तीर्थ पुरोहित समाज ने बयान को हिंदू आस्था के खिलाफ बताते हुए ई-एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निकाह में विवाद, दुल्हन के पिता की मौत
खटीमा के एक मैरिज हॉल में निकाह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दूल्हे और बारातियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।
विधायक उमेश कुमार से 4.50 लाख की ठगी
खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा की कंपनी के प्रबंधक की शिकायत पर राजपुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुरानी मॉरिस कार बेचने के नाम पर आरोपी ने 4.50 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न कार दी और न ही पैसे लौटाए।
ऋषिकेश में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत ऋषिकेश में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो वांछित बदमाशों को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों हालिया फायरिंग कांड में वांछित बताए जा रहे हैं।
लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन
हरिद्वार में हाल ही में दो लग्जरी बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान 45 बसों का चालान किया गया, 6 बसें सीज की गईं और 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।
मसूरी माल रोड पर हुड़दंग, कार सीज
मसूरी की माल रोड पर कार की सनरूफ पर बैठकर शराब की बोतल लहराने और हुड़दंग मचाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। वाहन को सीज कर दिया गया और युवक का चालान किया गया।
कौशल्या ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा
हरिद्वार पुलिस ने 25 दिन की कड़ी जांच के बाद कौशल्या हत्याकांड का खुलासा कर दिया। प्रेम संबंधों के चलते महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने महिला के प्रेमी समेत तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बांदा से गिरफ्तार किया है।
‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो पर कार्रवाई
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट और अवैध हूटर लगाकर वीआईपी रुतबा दिखाने की कोशिश कर रही स्कॉर्पियो को सीज कर दिया। पुलिस ने कहा कि फर्जी वीआईपी संस्कृति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


