एक दिन, चार बड़ी घटनाएं! बाघ शिकार, जमीन फर्जीवाड़ा, बुलडोजर कार्रवाई और भूख हड़ताल
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को वन्यजीव अपराध, धोखाधड़ी, अतिक्रमण हटाओ अभियान और ग्रामीणों के आंदोलन से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। हरिद्वार में दो बाघों के शिकार मामले में वन विभाग की जांच जारी है।
वहीं देहरादून पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर जमीन हड़पने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। उधर हल्द्वानी में कलसिया पुल निर्माण के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया, जबकि गौलापार के ग्रामीण पुल निर्माण की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गए।
बाघ शिकार मामले में पंजों की तलाश जारी
हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों के शिकार के मामले में मुख्य आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां से पूछताछ के बाद भी वन विभाग को बाघों के पंजे बरामद नहीं हो सके हैं। रिमांड के दौरान आरोपी के घर से खून से सने कपड़े, जहरीला पदार्थ और चाकू बरामद किए गए हैं।
वन विभाग ने घटना स्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया, लेकिन आरोपी लगातार बयान बदलता रहा। अब पंजों की बरामदगी के लिए स्निफर डॉग की मदद ली जाएगी। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और सभी बरामद साक्ष्यों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर जमीन हड़पने का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून की डालनवाला पुलिस ने विदेश में रह रही महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर उसकी जमीन हड़पने के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी रविन्द्र कुमार को मेरठ से गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़िता रक्षा सिन्हा की भूमि का बैनामा अपने नाम करा लिया था। सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कलसिया पुल निर्माण के लिए चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
हल्द्वानी के काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के पुनर्निर्माण और विस्तार कार्य को गति देने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाकर पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों से अवैध कब्जे ध्वस्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार मानसून से पहले स्थायी पुल निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों की भूख हड़ताल
गौलापार क्षेत्र के विजयपुर गांव में सूखी नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तिकोनिया स्थित बुद्धपार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने से गांव का संपर्क कट जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पुल निर्माण शुरू नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

