उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज। सात जिलों में बारिश के आसार, चमोली में जंगल की आग बस्ती तक पहुंची
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत सात जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है, जबकि दूसरी ओर भीषण गर्मी और जंगलों में आग की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
चमोली जिले के थराली क्षेत्र में जंगल की आग आवासीय बस्ती तक पहुंच गई, हालांकि वन विभाग और ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। वहीं रुद्रपुर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को लेकर अलर्ट जारी किया है।
सात जिलों में बारिश के आसार
देहरादून मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग ने किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है।
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भीषण गर्मी पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
रुद्रपुर में लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने सभी स्वास्थ्य इकाइयों को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में 24 घंटे विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड संचालित किए जाएंगे, जहां एसी, कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही जीवन रक्षक दवाइयों और जरूरी चिकित्सा संसाधनों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, हल्के सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।
चमोली में बस्ती तक पहुंची जंगल की आग
चमोली जिले के थराली विकासखंड के लोल्टी गांव स्थित चकोरिधार तोक के पास जंगल में अचानक आग लगने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेज आंधी और सूखे जंगल के कारण आग तेजी से फैलते हुए आवासीय बस्ती के करीब पहुंच गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों के अनुसार अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बस्ती को भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
वन विभाग अलर्ट मोड में
प्रदेश में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग की टीमें सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंच रही हैं। जंगलों में आग के कारण गर्मी की तपिश भी लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

