शर्मनाक: दिल्ली फिर शर्मसार। चलती स्लीपर बस में महिला से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली फिर शर्मसार। चलती स्लीपर बस में महिला से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रानी बाग इलाके में चलती स्लीपर बस में 30 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को कब्जे में लेकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता पीतमपुरा क्षेत्र की रहने वाली है और मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है।

सोमवार देर रात काम खत्म कर वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास खड़ी एक स्लीपर बस के पास उसने समय पूछने के लिए एक युवक से बात की। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया।

करीब दो घंटे तक चलती रही बस

आरोप है कि बस का दरवाजा बंद कर चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। पीड़िता के मुताबिक करीब दो घंटे तक बस नांगलोई मेट्रो स्टेशन के आसपास घूमती रही और इसी दौरान दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

रात करीब दो बजे आरोपी महिला को घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पर्दों की वजह से बाहर से नहीं दिखीं गतिविधियां

जांच में सामने आया है कि बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे, जिससे बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं। पुलिस ने बिहार नंबर की इस स्लीपर बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

आर्थिक मजबूरी के चलते अस्पताल में भर्ती नहीं हुई पीड़िता

पुलिस के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर चोटों को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन महिला ने आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति टीबी से पीड़ित है और बच्चों की जिम्मेदारी उसी पर है।

दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने उमेश और राजेंद्र नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आउटर जिले के डीसीपी Vikram Singh ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि मामले में पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद की भी जांच की जा रही है।