बड़ी खबर: स्कूल परिसर में घुसे दो गुलदार, बच्चों में दहशत। दो दिन बंद रहेगा विद्यालय

स्कूल परिसर में घुसे दो गुलदार, बच्चों में दहशत। दो दिन बंद रहेगा विद्यालय

पौड़ी गढ़वाल। पहाड़ों में गुलदार का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एकेश्वर विकासखंड की मवालस्युं पट्टी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौ में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर की बाउंड्री पर दो गुलदार दिखाई दिए। गुलदारों को देखकर स्कूल में मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत फैल गई।

बताया गया कि सुबह प्रार्थना के दौरान विद्यालय परिसर के पास अचानक दो गुलदार पहुंच गए। उस समय प्रार्थना स्थल पर कई बच्चे और शिक्षक मौजूद थे। गुलदारों को देखते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित कमरों में पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे टैक्सी चालक शुभम रावत ने भी गुलदारों को देखा। ग्रामीणों ने शोर मचाया और वाहन चालक ने लगातार हॉर्न बजाया, जिसके बाद दोनों गुलदार जंगल की ओर भाग गए।

घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने सोमवार और मंगलवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में भी भय का माहौल बना हुआ है।