UKSSSC नकल गिरोह का भंडाफोड़। ग्रेड पे के हिसाब से वसूली! मास्टरमाइंड गिरफ्तार
देहरादून में उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बहुचर्चित UKSSSC परीक्षा नकल प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना शुभम भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सहारनपुर से दबोचा गया, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
रिमोट एक्सेस से कराई जा रही थी नकल
एसटीएफ के अनुसार 13 फरवरी 2026 को आयोजित उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान नकल कराने की गोपनीय सूचना मिली थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने लैब के माध्यम से अभ्यर्थियों को रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए नकल करवा रहा था।
यूपीएस रूम में बनाया गया था गुप्त चैंबर
सूचना के आधार पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र के पास स्थित लैब के यूपीएस रूम में छापा मारा, जहां अंदर एक गुप्त ग्राउंड चैंबर तैयार किया गया था। इसी स्थान से रिमोट एक्सेस के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा में सहायता दी जा रही थी। मौके से उपकरण सील करते हुए नितिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार किया गया था।
मोटी रकम लेकर पास कराने का झांसा
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का लालच देकर उनसे चयन के बाद संबंधित पद के ग्रेड पे के अनुसार मोटी रकम वसूलने की योजना बना रहा था।
14 फरवरी को दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद 14 फरवरी को कोतवाली नगर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी।
लगातार इनपुट के बाद गिरफ्तारी
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी शुभम भटनागर घटना के बाद से फरार था। एसटीएफ टीम लगातार तकनीकी और सर्विलांस इनपुट के आधार पर उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार 4 अप्रैल को उसे सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मिले अहम सुराग
एसटीएफ के अनुसार आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन इनपुट के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

