नक्शा पास थोड़ा, निर्माण पूरा। भगवानपुर में अवैध रिजॉर्ट पर HRDA की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट- सलमान मलिक
हरिद्वार में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने भगवानपुर क्षेत्र में बन रहे एक विशालकाय रिजॉर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है।
आरोप है कि निर्माण में स्वीकृत मानचित्र की शर्तों का उल्लंघन किया गया और सरकारी जमीन पर कब्जे की भी कोशिश हुई।
नक्शे की आड़ में खड़ा कर दिया विशाल ढांचा
मामला रुड़की के भगवानपुर-देहरादून हाईवे का है, जहां एक बड़े रिजॉर्ट का निर्माण तेजी से चल रहा था। शिकायत मिलने पर HRDA की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि स्वीकृत नक्शे से कहीं अधिक क्षेत्र में निर्माण किया जा रहा है।
प्राधिकरण के अनुसार, स्वीकृत मानचित्र संख्या HRDA/CC/0083/2024-25 की शर्तों का खुला उल्लंघन किया गया है। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर कोई स्वीकृत मानचित्र या संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।
धारा 27(1) के तहत नोटिस जारी
HRDA ने उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम की धारा 27(1) के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकारी जमीन पर कब्जे का भी आरोप
मामले में नया मोड़ तब आया जब स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिजॉर्ट निर्माण के लिए ग्राम समाज की जमीन पर भी कब्जा किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रसूख के दम पर सरकारी भूमि को भी निर्माण में शामिल किया गया।
इस पर एसडीएम भगवानपुर डी.एस. नेगी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत गंभीर है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
छोटा नक्शा, बड़ा खेल?
सूत्रों के मुताबिक, केवल एक सीमित हिस्से का नक्शा पास कराया गया था, लेकिन उसी की आड़ में पूरी जमीन पर निर्माण कर दिया गया। इस खुलासे के बाद प्रशासन की कार्रवाई और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
अब आगे क्या?
HRDA की रिपोर्ट में अवैध निर्माण की पुष्टि के बाद अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। सवाल यह है कि क्या इस अवैध रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलेगा या मामला फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।



