भ्रष्टाचार पर प्रहार। रंगे हाथ रिश्वत लेते वन विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार
हल्द्वानी। हल्द्वानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने सुनियोजित ट्रैप के जरिए आरोपी को उस समय दबोचा, जब वह तय रकम ले रहा था। कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायत से खुला मामला
मामला सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी सेक्टर में दर्ज शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में तैनात कर्मचारी नवीन नौटियाल लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित भुगतान के नाम पर ₹25,500 की रिश्वत मांग रहा था।
ट्रैप बिछाकर की गिरफ्तारी
प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता टीम ने योजना बनाकर ट्रैप तैयार किया। तय रणनीति के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।
जनता से अपील
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




