श्री दरबार साहिब में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने टेका मत्था, उत्तराखंड के समसामयिक मुद्दों पर हुई विस्तार से चर्चा
देहरादून। खादी एवं ग्रामोद्योग तथा ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने शुक्रवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार श्री दरबार साहिब पहुंचे भरत चौधरी का परंपरानुसार भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें दरबार साहिब का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दोनों के बीच उत्तराखण्ड के समसामयिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा भी हुई।
भेंटवार्ता के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप के संस्थान चिकित्सा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जा रहे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों को उन्होंने सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने रुद्रप्रयाग जनपद में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार मिलता है और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होती है।
अंत में, मंत्री भरत चौधरी ने एसजीआरआर ग्रुप के संस्थानों के उत्कृष्ट संचालन के लिए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान आगे भी समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां स्थापित करेगा।




