डीजे विवाद में बेकाबू युवक, पुलिस टीम पर हमला। एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
- कोटद्वार के आमपड़ाव में देर रात हंगामा, वाहन पर सरिए से तोड़फोड़, पुलिस पर जान से मारने की धमकी
कोटद्वार। शहर के आमपड़ाव क्षेत्र में देर रात डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब युवकों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। इस घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम गश्त के दौरान खुमरा बस्ती इलाके में पहुंची थी, जहां कुछ युवक सड़क पर डीजे लगाकर नाच रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाया और सड़क खाली करने के लिए कहा।
पुलिस की समझाइश पर कुछ युवक वहां से हट गए, लेकिन दो सगे भाई आकिब उर्फ गबरू और शाहिद डीजे बंद करने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद दोनों आक्रामक हो गए और विवाद बढ़ता चला गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने शाहिद को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया, लेकिन तभी उसका भाई आकिब लोहे का सरिया लेकर मौके पर पहुंच गया और पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। उसने वाहन के शीशे तोड़ दिए और अंदर बैठे शाहिद ने भी पुलिसकर्मियों से उलझते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान पुलिस टीम ने आकिब को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम कोतवाली पहुंची, जहां चौकी प्रभारी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी आकिब की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।



