बड़ी खबर: नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन का आरोप, 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन का आरोप, 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। देहरादून जिले के डोईवाला थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने का आरोप लगा है।

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी मां और भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। उनके पड़ोस में रहने वाले परिवार से पहले दोनों पक्षों के बीच अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपियों ने किशोरी को प्रभावित करना शुरू कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि मां की गैरमौजूदगी में आरोपी युवक घर आता था और नाबालिग से मुलाकात करता था। इस दौरान वह उसे अपने प्रेमजाल में फंसाने के साथ-साथ एक विशेष धर्म से जुड़े पहनावे, भाषा और तौर-तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करता था। धीरे-धीरे किशोरी पर इसका असर पड़ने लगा।

मां का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसकी बेटी को बहलाया-फुसलाया और धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। इस पर उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राणा के मुताबिक, शिकायत के आधार पर 21 मार्च की शाम मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ Uttarakhand Freedom of Religion Act, 2018 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक भावना को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की जांच पर सभी की नजर टिकी हुई है।