बिग ब्रेकिंग: पूर्व जिलाध्यक्ष ने दिया भाजपा से इस्तीफा, 2027 में धामी के खिलाफ चुनाव लड़ने की अटकलें तेज

पूर्व जिलाध्यक्ष ने दिया भाजपा से इस्तीफा, 2027 में धामी के खिलाफ चुनाव लड़ने की अटकलें तेज

रिपोर्ट- मयंक पंत

चम्पावत। जिले में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष Deep Chandra Pathak का इस्तीफा आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में भाजपा टनकपुर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर की ओर से पत्र जारी कर इसकी पुष्टि की गई है।

गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आनंद सिंह अधिकारी को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज होकर दीप चंद्र पाठक ने भाजपा से इस्तीफा देने का ऐलान किया था।

उस समय उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है और जिन लोगों के इशारे पर कांग्रेस सरकार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का दमन हुआ, उन्हीं लोगों को अब पार्टी में आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस्तीफे की घोषणा के बाद पाठक ने पार्टी के सभी कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद को भाजपा नेता लिखना भी बंद कर दिया था और खुद को एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम करने की बात कही थी।

इस दौरान वे कई सार्वजनिक मुद्दों पर खुलकर बोलते हुए भी नजर आए और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना भी करते रहे।

अब भाजपा द्वारा उनका इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार किए जाने के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठने लगा है कि आने वाले समय में उनका अगला कदम क्या होगा।

दरअसल, दीप चंद्र पाठक 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट के दावेदार भी रहे हैं। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में चम्पावत सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरते हैं या कोई नया राजनीतिक रास्ता चुनते हैं।