बिग ब्रेकिंग: थराली में ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल, PRD जवानों की तैनाती के बावजूद राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान

थराली में ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल, PRD जवानों की तैनाती के बावजूद राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान

रिपोर्ट- गिरीश चंदोला

चमोली। थराली नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। सड़कों के किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण यहां रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पीआरडी के जवान तैनात किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

इन दिनों गैरसैंण में विधानसभा सत्र चलने के कारण पुलिस बल का बड़ा हिस्सा वहां व्यस्त है, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यवस्था और प्रभावित हो रही है।

दरअसल थराली-देवाल मोटर मार्ग पर स्थित मुख्य बाजार और मस्जिद मार्केट के आसपास सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है।

बाजार क्षेत्र में छोटे वाहनों के लिए किसी प्रकार की पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से वाहन स्वामी अपने वाहन सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़कें और संकरी हो जाती हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से थराली नगर क्षेत्र में स्थायी पार्किंग व्यवस्था की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक नगर पंचायत की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहनों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को सड़क पर धीरे-धीरे निकलने को मजबूर होना पड़ता है।

दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। उस समय बाजार में भीड़ बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

फिलहाल ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पीआरडी जवान तैनात हैं, लेकिन पार्किंग की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।