चौपाटी में दो महिला ब्लॉगरों के बीच सड़क पर हंगामा, पुलिस ने किया शांति भंग में चालान
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के चौपाटी इलाके में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दो महिला ब्लॉगर आपस में सरेआम भिड़ गईं। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो आमने-सामने आने पर सड़क पर ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गया।
देखें वीडियो:-
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के चौपाटी क्षेत्र में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों महिलाएं सड़क पर एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए बहस करने लगीं। इस दौरान दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह भी देखें:-
बताया जा रहा है कि दोनों महिला ब्लॉगरों के बीच काफी समय से सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो और पोस्ट के जरिए आरोप-प्रत्यारोप लगा रही थीं। इसी तनाव के चलते जब दोनों आमने-सामने आईं तो विवाद बढ़ गया और चौपाटी क्षेत्र में हंगामे की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलने पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक चली बहस के बाद पुलिस दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर काठगोदाम थाने ले गई, जहां दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बीती शाम काठगोदाम स्थित चौपाटी में विवाद होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर शांति भंग में चालान किया और भविष्य में इस तरह की घटना न हो, इसके लिए दोनों को सख्त हिदायत भी दी गई।



