श्री झंडा मेला 2026: देहरादून में भक्ति का माहौल, श्री दरबार साहिब में उमड़ी संगतें। मंगलवार को होगी नगर परिक्रमा

देहरादून में भक्ति का माहौल, श्री दरबार साहिब में उमड़ी संगतें। मंगलवार को होगी नगर परिक्रमा

देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में आयोजित श्री झण्डा महोत्सव के तहत सोमवार को भी श्री दरबार साहिब और श्री झण्डा साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

रविवार को श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद सोमवार को भी देश-विदेश से आई संगतों के साथ बड़ी संख्या में देहरादून के श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपनी मनोकामनाएं मांगीं।

अल सुबह से ही दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शनों के लिए संगतें कतारों में लगी रहीं। श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया।

इस दौरान श्री गुरु राम राय जी महाराज और श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा।

सोमवार को अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने गुरु महिमा और गुरु भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है।

उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बरसती है और उसका जीवन सुख-शांति व आध्यात्मिक आनंद से भर जाता है।

उन्होंने संगतों को गुरु भक्ति, प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि गुरु की कृपा से ही मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है।

मंगलवार को होगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में 10 मार्च मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा आयोजित की जाएगी।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि परंपरा के अनुसार श्री झण्डे जी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा निकाली जाती है। मंगलवार सुबह 7:30 बजे नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब परिसर से प्रारंभ होगी, जिसमें करीब 25 हजार से अधिक संगतों के शामिल होने की संभावना है।

नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंचेगी, जहां संगतों को चने, मुरमुरे और गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

इसके बाद तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी, रीठा मंडी होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंचेगी। यहां संगतों को गन्ने का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

इसके बाद ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक होते हुए दोपहर करीब 12 बजे श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न होगी।

भजनों-कीर्तनों से गूंजा परिसर

सोमवार सुबह से ही श्री दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा और श्री गुरु राम राय जी महाराज के भजनों-कीर्तनों की धूम रही।

गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा”, “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” और “मेरे सतगुरु दाता मेहर कर दाता” जैसे भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। संगतों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भजनों का आनंद लिया।

लंगर और सेवा कार्य जारी

श्री दरबार साहिब के अंदर और बाहर संगतों की सेवा में लंगर लगाए गए हैं, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालु और दूनवासी प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी चिकित्सा सेवा के लिए परिसर में तैनात है।

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगतों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।