बड़ी खबर: उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में तेजी का दावा, प्रति व्यक्ति आय 2.73 लाख पहुंची

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में तेजी का दावा, प्रति व्यक्ति आय 2.73 लाख पहुंची

देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के अनुसार राज्य की अर्थव्यवस्था में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सर्वेक्षण के मुताबिक अब राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2,73,921 रुपये सालाना हो गई है, यानी औसतन करीब 22,750 रुपये प्रति माह।

वहीं राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) भी बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो वर्ष 2021-22 में लगभग 2.54 लाख करोड़ रुपये था।

गुरुवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि इस वर्ष का आर्थिक सर्वेक्षण नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (NCAER) के सहयोग से तैयार किया गया है।

सर्वेक्षण के अनुसार राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 2024-25 में 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है। मल्टी डायमेंशनल पॉवर्टी इंडेक्स में भी सुधार हुआ है और यह 9.7 प्रतिशत से घटकर 6.92 प्रतिशत रह गया है।

वहीं लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र में भी विस्तार देखने को मिला है। MSME इकाइयों की संख्या 59,798 से बढ़कर 79,394 हो गई है, जबकि इनमें रोजगार पाने वालों की संख्या 3.43 लाख से बढ़कर 4.56 लाख हो गई है।

राज्य में बड़ी औद्योगिक इकाइयों की संख्या भी 107 से बढ़कर 128 हो गई है और स्टार्टअप की संख्या 2017 में शून्य से बढ़कर 2025 में 1750 तक पहुंच गई है।
बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, कृषि और पर्यटन क्षेत्रों में भी प्रगति दर्ज की गई है।

राज्य में सड़कों की लंबाई 50,393 किमी से बढ़कर 51,278 किमी हो गई है, जबकि हेलीपोर्ट 2 से बढ़कर 7 और हेलीपैड 60 से बढ़कर 118 हो गए हैं।

बिजली उत्पादन 5157 मिलियन यूनिट से बढ़कर 16,500 मिलियन यूनिट तक पहुंच गया है और सौर ऊर्जा क्षमता 439 मेगावाट से बढ़कर 1027 मेगावाट हो गई है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी सुधार दर्ज किया गया है, वहीं पर्यटन में होटल और होमस्टे की संख्या में तेजी आई है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2026-27 में राज्य की जीएसडीपी वृद्धि दर 8.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।