बिग ब्रेकिंग: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित, 958 उम्मीदवार सफल

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित, 958 उम्मीदवार सफल

नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है। 6 मार्च 2026 को घोषित परिणाम में देशभर के कुल 958 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

इन सभी सफल उम्मीदवारों की सिफारिश भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित ग्रुप ‘A’ और ‘B’ की अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए की गई है।

जारी मेरिट सूची के अनुसार अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर अकांश ढुल रहे।

टॉप-10 में राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जिनिया अरोड़ा, एआर राजा मोहिदीन, पक्शल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियंक ने भी जगह बनाई है। हर साल की तरह इस बार भी टॉप-10 सूची पर पूरे देश की नजरें टिकी रहीं।

इस वर्ष केंद्र सरकार ने कुल 1087 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, जबकि यूपीएससी ने फिलहाल 958 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की है। श्रेणीवार चयन में सामान्य वर्ग के 317, ईडब्ल्यूएस के 104, ओबीसी के 306, एससी के 158 और एसटी के 73 उम्मीदवार शामिल हैं।

सिविल सेवा परीक्षा को लाखों युवाओं के सपनों की परीक्षा माना जाता है और इसमें सफल अभ्यर्थी भविष्य में देश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं।