94 फीट ऊंचे नए ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब पहुंची संगतें, जयकारों से गूंजा दून
देहरादून। दून की पावन धरती पर शुक्रवार को आस्था, श्रद्धा और गुरु भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब हजारों श्रद्धालु संगतों ने 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (श्री झण्डे जी) को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब तक पहुंचाया।
“श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय” और “श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देहरादून पहुंचे और पूरी दून घाटी श्रद्धा के रंग में रंगी दिखाई दी।
शुक्रवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग में लगना शुरू हो गया था। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया।
उनके सान्निध्य में अरदास के बाद सुबह करीब 8 बजे संगतों ने नए पवित्र ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाया और शोभायात्रा के रूप में श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संगतों का स्वागत किया और जगह-जगह शीतल जल, फल व प्रसाद के लंगर की व्यवस्था की गई।
यह पावन यात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, लाल पुल चौक, मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से होती हुई करीब 9:30 बजे श्री दरबार साहिब पहुंची, जहां परंपरा के अनुसार नए ध्वजदण्ड का विधि-विधान से पूजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण होगा, जिसके साथ ही श्री झण्डा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के श्री दरबार साहिब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।



