होली पर 3-4 मार्च को बंद रहेंगे कॉर्बेट के सभी टूरिस्ट जोन
रामनगर। होली के अवसर पर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के सभी पर्यटन जोन 3 और 4 मार्च को पर्यटकों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
पार्क प्रशासन ने वन्यजीव संरक्षण, जंगल की शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनज़र यह निर्णय लिया है।
पार्क प्रशासन के अनुसार, 3 मार्च को सुबह की निर्धारित जंगल सफारी संचालित होगी, लेकिन दोपहर की सफारी और नाइट स्टे पर रोक रहेगी।
वहीं 4 मार्च (होली) को सुबह और शाम दोनों पालियों की सफारी तथा रात्रि विश्राम पूरी तरह बंद रहेगा। 5 मार्च से सभी पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी।
इस अवधि में ढिकाला, बिजरानी, ढेला, दुर्गादेवी और गिरिजा पर्यटन जोन बंद रहेंगे। साथ ही रामनगर वन प्रभाग के सीतावनी, कोटा और कालाढूंगी जोन तथा तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथी डगर जोन में भी पर्यटक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह ने बताया कि होली के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक क्षेत्र में पहुंचते हैं।
शोर-शराबे और अनुशासनहीन गतिविधियों से वन्यजीवों की दिनचर्या प्रभावित होती है, इसलिए एहतियातन यह फैसला लिया गया है। ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर पहले ही अवकाश की सूचना जारी कर दी गई थी।
वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और जंगल की संवेदनशीलता को समझते हुए सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम वन्यजीवों की सुरक्षा और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक है।


