बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड हाईकोर्ट में धमकी भरा ईमेल, कोर्ट परिसर सील; बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने की तलाशी

उत्तराखंड हाईकोर्ट में धमकी भरा ईमेल, कोर्ट परिसर सील; बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने की तलाशी

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय में एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पूरे न्यायालय परिसर को एहतियातन सील कर दिया गया और चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी शुरू कर दी गई।

मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, भारी पुलिस बल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। सुरक्षा कारणों से न्यायालय के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।

साथ ही कोर्ट परिसर के सामने से गुजरने वाले आम जनता के मार्ग को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया।

प्रारंभिक चरण में कोर्ट नंबर 4, 5 और 6 में न्यायाधीश कुछ समय तक मौजूद रहे, लेकिन बाद में सुरक्षा समीक्षा के तहत कार्यवाही प्रभावित हुई।

अधिवक्ता न्यायालय परिसर के मैदान में एकत्रित रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई। इस दौरान न्यायालय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की बैठक भी हुई।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह रावत ने बताया कि रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय में प्राप्त ईमेल के बाद पूरे परिसर को सेनिटाइज किया जा रहा है। पुलिस की विभिन्न इकाइयाँ संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद दोपहर भोजनावकाश के पश्चात न्यायालय की कार्यवाही पुनः प्रारंभ करने की योजना है।

फिलहाल ईमेल की सत्यता और स्रोत की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है।