बिग ब्रेकिंग: देहरादून में एक और युवक की हत्या…

बिग ब्रेकिंग: देहरादून में एक और युवक की हत्या….

राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।

कारोबारी अर्जुन शर्मा और गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामलों के बाद अब एक युवक की बेसबॉल बैट से पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के दोस्तों पर ही हत्या का आरोप है।

परिचितों पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर, खाला (वसंत विहार) निवासी दिगंबर धीमान की कथित तौर पर उसके ही चार परिचितों ने हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद शव को हरिद्वार की दिशा में ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

कोर्ट पेशी के बाद दोस्तों संग गया

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2021 में दिगंबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। 9 फरवरी को उसकी विशेष अदालत में पेशी थी। पेशी के बाद वह अपने पिता के साथ घर लौटा,

लेकिन शाम को पिता को घर भेजकर खुद नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया।

विवाद के बाद सिर पर वार

पुलिस जांच में सामने आया है कि रात के दौरान किसी बात को लेकर दिगंबर और उसके दोस्तों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने बेसबॉल बैट/डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया,

जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपितों ने टैक्सी बुक कर शव को हरिद्वार रोड की ओर ले जाकर फेंक दिया।

गुमशुदगी रिपोर्ट से खुलासा

दिगंबर के घर न लौटने पर उसके पिता ने 11 फरवरी को वसंत विहार थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को कॉल डिटेल्स और गतिविधियों में संदेहास्पद जानकारी मिली।

इसके बाद एक युवक को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम शव की तलाश में जुटी है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टैक्सी बुकिंग डाटा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

उत्तराखंड में हालिया जघन्य वारदातें

  • 29 जनवरी — विकासनगर: 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर (18) की हत्या, चचेरे भाई पर आरोप।
  • 31 जनवरी — ऋषिकेश: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार।
  • 02 फरवरी — पलटन बाजार, देहरादून: 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से हत्या।
  • 11 फरवरी — तिब्बती मार्केट, देहरादून: 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या।
  • 12 फरवरी — हल्द्वानी: लक्ष्मी और शुभम की पत्थर से कुचलकर हत्या।
  • 13 फरवरी — सिल्वर सिटी मॉल, देहरादून: युवक की गोली मारकर हत्या।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।