बिग ब्रेकिंग: मुख्तार अंसारी के करीबी शुएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या

मुख्तार अंसारी के करीबी शुएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या

बाराबंकी : में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर असेनी अंडरपास के पास अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर शुएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या कर दी। शुएब को कुख्यात गैंगस्टर Mukhtar Ansari का करीबी और कथित शूटर बताया जाता रहा है।

11 राउंड फायरिंग, कार को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार शुएब लखनऊ से कार द्वारा बाराबंकी आ रहा था। जैसे ही वह असेनी अंडरपास के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसकी कार को घेरकर करीब 11 राउंड फायरिंग की।

प्रारंभिक जांच में उसके शरीर में चार गोलियां लगने की पुष्टि हुई एक गोली दाहिने गाल को चीरते हुए निकली, जबकि हाथ और पसली में तीन गोलियां धंसी मिलीं।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो शुएब कार की ड्राइविंग सीट पर औंधे मुंह पड़ा था। कार की विंडस्क्रीन पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दिए। पास से खाली कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही एडीजी जोन प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हाईवे और नजदीकी प्रतिष्ठानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी कब्जे में ली गई है।

पुलिस इस वारदात को गैंगवार या पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देख रही है।

आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शुएब किदवई पर हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 1999 में लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में जेलर और डॉक्टर डी.वी. सिंह की हत्या के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।

हाल के वर्षों में वह बाराबंकी कचहरी में प्रैक्टिस कर रहा था, लेकिन उसके पुराने आपराधिक संबंधों की चर्चा जारी रही।

दहशत और सख्ती

दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।

अब नजर इस बात पर है कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्द करती है।