बिग ब्रेकिंग: अर्जुन हत्याकांड की किसने दी सुपारी? एनकाउंटर में घायल शूटर ने खोले राज

अर्जुन हत्याकांड की किसने दी सुपारी? एनकाउंटर में घायल शूटर ने खोले राज

देहरादून। तिब्बती मार्केट के सामने दिनदहाड़े कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या से दहले शहर में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

गुरुवार तड़के सघन नाकेबंदी और चेकिंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग मुठभेड़ों में मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यमकेश्वर (पौड़ी) से जुड़े एक आरोपी ने बताया कि अर्जुन की हत्या के लिए 12 से 15 लाख रुपये में सुपारी तय हुई थी। डील किन लोगों के साथ हुई, इसे लेकर कुछ नाम सामने आए हैं। पुलिस फिलहाल गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

दो जगह मुठभेड़, दोनों आरोपी घायल

पहली मुठभेड़: रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।

दूसरी मुठभेड़: लालतप्पड़ चौकी पर स्कूटी सवार आरोपी ने रोकने पर भागने की कोशिश की और खंडहरनुमा फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

हथियार और वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। दोनों ने अर्जुन हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

एसएसपी पहुंचे अस्पताल

एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शहर से देहात तक चेकिंग अभियान जारी है। पुलिस अब सुपारी कनेक्शन और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

शहर को दहला देने वाले इस हत्याकांड में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

आगे की अपडेट जारी है….