रुद्रप्रयाग में फिर दिखा गुलदार,अपर बाजार में दहशत लोगों ने कहा–“जंगल खाली,शहर में शिकारी”
रुद्रप्रयाग: शहर के अपर बाजार क्षेत्र में देर रात गुलदार की मौजूदगी ने एक बार फिर दहशत फैला दी। रिहायशी इलाके में घूमते गुलदार की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फुटेज में साफ दिख रहा है कि गुलदार बेखौफ अंदाज में गलियों से गुजरता नजर आ रहा है। रात के सन्नाटे में उसकी आहट से स्थानीय लोगों की नींद उड़ गई। व्यापारियों और मोहल्लावासियों में भय का माहौल है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि भोजन और पानी की तलाश में जंगली जानवर आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा,
“वन विभाग जंगल में है और गुलदार शहर में घूम रहा है।”
क्षेत्रवासियों ने संवेदनशील इलाकों में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और निगरानी तेज करने की मांग की है। प्रशासन से रात में अतिरिक्त पुलिस गश्त, मुनादी के जरिए जागरूकता और स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम की अपील की गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से देर रात बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है। शहर के बीचों-बीच गुलदार की दस्तक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



