माल रोड में प्रतिबंध के बावजूद टैक्सियों की एंट्री, किंग क्रेग टैक्सी यूनियन ने खोली ‘पास स्कैम’ की पोल
मसूरी। मसूरी के माल रोड पर प्रतिबंधित समय में टैक्सियों के प्रवेश को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। किंग क्रेग टैक्सी एसोसिएशन ने नगर पालिका परिषद द्वारा जारी किए गए विशेष प्रवेश पासों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
यूनियन का कहना है कि शासकीय कार्य के नाम पर दिए गए पासों की आड़ में पर्यटकों का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद द्वारा पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी बैरियर से कुछ वाहनों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विशेष प्रवेश अनुमति दी गई थी।
ये पास राजीव जैन, आईआरएस, उपनिदेशक, प्रवर्तन निदेशालय (वित्त मंत्रालय, भारत सरकार) के नाम पर जारी बताए जा रहे हैं। अनुमति में DL1CA-9541, DL3CF-9793 और DL2CBE-5553 नंबर के वाहन शामिल हैं।
शासकीय अनुमति की आड़ में टैक्सी संचालन का आरोप
किंग क्रेग टैक्सी एसोसिएशन का आरोप है कि इन वाहनों का प्रयोग शासकीय कार्यों के बजाय क्लब महिंद्रा के पास स्थित एक होमस्टे से पर्यटकों को माल रोड तक लाने-ले जाने में किया जा रहा है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
यूनियन ने पकड़ी इनोवा, चालक ने किया खुलासा
एसोसिएशन द्वारा एक दिल्ली नंबर की इनोवा कार को माल रोड पर प्रतिबंधित समय में पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह होमस्टे में ठहरे पर्यटकों को माल रोड तक ले जाता है।
एसोसिएशन अध्यक्ष सुमित कुमार ने आरोप लगाया कि पकड़ी गई इनोवा का वाहन पंजीकरण समाप्त हो चुका है, और इसी तरह दो अन्य दिल्ली नंबर वाहन भी कथित तौर पर एक्सपायर्ड रजिस्ट्रेशन के बावजूद उत्तराखंड में संचालित किए जा रहे हैं।
पुलिस पर भी उठे सवाल
यूनियन का कहना है कि मामला पुलिस के संज्ञान में लाने के बावजूद केवल पॉल्यूशन का चालान काटकर वाहन को छोड़ दिया गया, जिससे रसूखदारों को संरक्षण मिलने के आरोप लग रहे हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रवेश पास निरस्त नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा।
चालक की सफाई
पकड़े गए वाहन के चालक गौरव सिंह रावत ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह क्लब महिंद्रा के पास स्थित एक होमस्टे में कार्यरत है और नगर पालिका द्वारा जारी वैध प्रवेश पास के आधार पर ही माल रोड पर प्रवेश करता है। उसका कहना है कि वह केवल पर्यटकों को माल रोड और आपात स्थिति में पेट्रोल पंप तक ले जाता है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और संबंधित व्यक्ति के नाम पर जारी सभी प्रवेश पासों की जांच कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो प्रवेश पास तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएंगे।
नगर पालिका की भूमिका पर सवाल
इस प्रकरण ने नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शासकीय कार्य के नाम पर दी गई अनुमति का व्यावसायिक उपयोग हुआ है, तो यह न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि स्थानीय टैक्सी संचालकों के साथ अन्याय भी है।
अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है—क्या नियमों का सख्ती से पालन होगा या एक बार फिर रसूख के आगे कानून कमजोर साबित होगा।



