बिग ब्रेकिंग : सेल्फी का शौक बना जानलेवा, ढेला रेंज में टस्कर ने युवकों को दौड़ाया

सेल्फी का शौक बना जानलेवा, ढेला रेंज में टस्कर ने युवकों को दौड़ाया

रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वन्यजीवों के साथ लापरवाही एक बार फिर सामने आई। जंगल से निकलकर सड़क पर आए एक टस्कर हाथी के साथ सेल्फी लेना दो बाइक सवार युवकों को भारी पड़ गया।

चेतावनियों को नजरअंदाज कर हाथी के बेहद करीब पहुंचे युवकों पर अचानक आक्रामक हुए टस्कर ने चिंघाड़ते हुए दौड़ लगा दी। गनीमत रही कि युवक समय रहते बाइक लेकर भाग निकले और बड़ा हादसा टल गया।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो अधिवक्ता मदन मेहता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद लोगों ने वन्यजीव सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के एसडीओ अमित ग्वासिकोटी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया।

हाथी के जंगल लौटने के बाद ही यातायात बहाल किया गया। बाइक सवार युवक मौके से जा चुके थे, मामले की जांच की जा रही है।

वन विभाग ने दोहराई अपील

जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्हें परेशान करना जानलेवा हो सकता है। मानव और पशु दोनों की सुरक्षा इसी में है।