फायर एनओसी के नाम पर रिश्वतखोरी, कोटद्वार फायर स्टेशन का कर्मी ₹20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कोटद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात लीडिंग फायरमैन रणधीर सिंह को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
आरोप है कि रणधीर सिंह ने मालिनी वैली कॉलेज ऑफ एजूकेशन, कोटद्वार की बिल्डिंग की फायर एनओसी (No Objection Certificate) के नवीनीकरण के बदले अवैध धनराशि की मांग की थी।
एनओसी को बनाया अवैध वसूली का जरिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज प्रबंधन फायर एनओसी के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए फायर स्टेशन के चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान आरोपी फायरमैन ने साफ शब्दों में कहा कि रिश्वत दिए बिना एनओसी आगे नहीं बढ़ेगी और ₹20 हजार की मांग कर डाली।
शिकायत पर बिछाया गया जाल
भ्रष्टाचार से तंग आकर शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जानकारी संबंधित जांच एजेंसी को दी। शिकायत की पुष्टि के बाद गोपनीय ट्रैप योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत जैसे ही आरोपी ने फायर स्टेशन के पास रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश
इस कार्रवाई को उत्तराखंड में सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



