SGRR विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का रंगारंग समापन
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य समापन रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।
समापन दिवस पर पाक कला प्रतियोगिता (फूड फेस्ट) का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने हुनर और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे सप्ताह विश्वविद्यालय परिसर में नृत्य, संगीत, फैशन शो, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट,
रंगोली एवं फूड फेस्ट जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 07 फरवरी को पटेल नगर कैंपस स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम समापन अवसर पर घोषित किए गए।
विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन कर किया।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करती हैं।
कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। वहीं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं में छात्रों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सांस्कृतिक समिति एवं कल्चरल कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. प्रिया पांडे (चेयरपर्सन), चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।



