टनकपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ₹300 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया शिलान्यास
” शारदा रिवर फ्रंट से बदलेगी चम्पावत की तस्वीर, माघ खिचड़ी व खड़ी होली में हुए शामिल”
रिपोर्ट- मयंक पंत
टनकपुर : उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चम्पावत के टनकपुर पहुंचकर ₹300 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया।
इन योजनाओं के माध्यम से शहरी विकास, सड़क, शिक्षा, पर्यटन, आपदा प्रबंधन और आधारभूत संरचना को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा रिवर फ्रंट (शारदा कॉरिडोर) परियोजना चम्पावत के विकास की धुरी बनेगी। इससे टनकपुर को पर्यटन, आस्था और आधुनिक शहरी सुविधाओं के मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।
शारदा घाट से शिक्षा और सड़कों तक विकास की लंबी श्रृंखला
मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें शामिल हैं—
- शारदा घाट पुनर्विकास (प्रथम चरण) – ₹10,735 लाख
- सिटी ड्रेनेज प्लान (प्रथम चरण) – ₹6,649 लाख
- नायर–खेरा क्षेत्र में इकोलॉजिकल कॉरिडोर विकास – ₹8,523 लाख
- टनकपुर–अस्कोट सीसी मार्ग (बस्तिया) – ₹115 लाख
- चम्पावत–खेतीखान मोटर मार्ग (एसएच–64) सुधारीकरण – ₹320 लाख
- माँ पूर्णागिरि घाटी (चूका) में हेलीपैड निर्माण – ₹187 लाख
- धूनाघाट–बसौट मोटर मार्ग नवनिर्माण – ₹83 लाख
- कामज्यूला–भनार–रैघाड़ी मोटर मार्ग सुधारीकरण (लोहाघाट) – ₹666.84 लाख
- कवेराला व हुड्डी नदी में बाढ़ व भू-कटाव सुरक्षा कार्य – ₹280 लाख से अधिक
- स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट में परीक्षा हॉल – ₹672.11 लाख
- सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चम्पावत परिसर में केंद्रीय पुस्तकालय व मिनी स्टेडियम – ₹2,045.78 लाख
- कस्तूरबा गांधी छात्रावास, टनकपुर का विस्तार – ₹384.50 लाख
- होमगार्ड्स कार्यालय भवन निर्माण – ₹224.71 लाख
“विकास और विरासत का संतुलन ही उत्तराखण्ड की पहचान”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत आस्था, संस्कृति और इतिहास की समृद्ध भूमि है। माँ शारदा ज्ञान, विद्या और संस्कार की प्रतीक हैं और उनके पावन घाटों का विकास राज्य के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सीमांत क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
माघ खिचड़ी भोज में शामिल हुए मुख्यमंत्री, खड़ी होली में मिलाया सुर
टनकपुर स्थित शारदा घाट पर आयोजित माघ खिचड़ी भोज में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया और आमजन के साथ बैठकर खिचड़ी ग्रहण की।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ कुमाऊँ की प्रसिद्ध खड़ी होली में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-दमाऊँ और लोकगीतों से पूरा वातावरण सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा।
चम्पावत के लिए मुख्यमंत्री की चार बड़ी घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास हेतु चार अहम घोषणाएँ कीं
- 300 सीटों वाला आधुनिक सामुदायिक ऑडिटोरियम
- डाडा ककनई में पैराग्लाइडिंग – साहसिक पर्यटन को बढ़ावा
- खिरद्वारी को ट्राइबल टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जाएगा
- अटल उत्कृष्ट बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर में नया शिक्षार्थी शिक्षा ब्लॉक
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



