बिग ब्रेकिंग : रुद्रपुर में चोरों का दुस्साहस एक ही मोबाइल शोरूम दूसरी बार लूटा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

रुद्रपुर में चोरों का दुस्साहस एक ही मोबाइल शोरूम दूसरी बार लूटा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

रुद्रपुर: रुद्रपुर शहर के बीच बाजार में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें अब खाकी का भी कोई खौफ नहीं रहा। काशीपुर बाईपास रोड स्थित अग्रसेन चौक पर

‘मोबाइल मंत्रा’ शोरूम में अज्ञात चोरों ने दूसरी बार सेंध लगाकर 15 से 20 लाख रुपये कीमत के मोबाइल और 40 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी गौरव मुंजाल की है। रोज़ की तरह दुकान बंद कर वे घर चले गए थे, लेकिन सुबह जब कर्मचारी ने शोरूम खोला तो अंदर का नज़ारा देख सन्न रह गया। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और 68 महंगे मोबाइल फोन गायब थे।

जांच के दौरान छत पर खाली मोबाइल डिब्बों का ढेर मिला, वहीं छत का लोहे का गेट टूटा हुआ पाया गया, जिससे साफ है कि चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि एक साल पहले भी इसी दुकान में चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले का आज तक खुलासा नहीं हो पाया। अब दोबारा उसी शोरूम को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से रुद्रपुर के व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि पुलिस के सामने अब चोरों तक पहुंचना बड़ी चुनौती बन चुका है।