ढाई साल से अनुपस्थित आरक्षी बर्खास्त, चार निरीक्षकों के तबादले
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए जहां एक ओर लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे आरक्षी को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए चार निरीक्षकों व उप निरीक्षकों के तबादले किए हैं।
पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त आरक्षी अनिल सिंह को दिनांक 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी स्थल पर रिपोर्ट नहीं की और 65 दिन तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे।
बाद में 20 जून 2023 को वे देहरादून लौटे, लेकिन 01 सितंबर 2023 से पुनः पुलिस लाइन की प्रातःकालीन गणना से अनुपस्थित हो गए।
मामले की जांच क्षेत्राधिकारी लाइन को सौंपी गई थी। विभागीय कार्यवाही के दौरान आरक्षी द्वारा कोई सहयोग नहीं किया गया।
जांच पूर्ण होने के उपरांत रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के समक्ष प्रस्तुत की गई। सम्यक विचारोपरांत 05 फरवरी 2026 को एसएसपी देहरादून द्वारा आरक्षी अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार निरीक्षकों व उप निरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश भी जारी किए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी आदेश के अनुसार
- निरीक्षक अरविन्द चौधरी को एसआईटी शाखा, पुलिस कार्यालय से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक थाना कालसी नियुक्त किया गया है।
- उप निरीक्षक दीपक घारिवाल को थाना कालसी से हटाकर एसओजी शाखा देहरादून भेजा गया है।
- निरीक्षक बीएनएल भारती को सीनियर सिटीजन सेल, पुलिस कार्यालय से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक थाना चकराता बनाया गया है।
- उप निरीक्षक शेखर चन्द्र नौटियाल को थाना चकराता से स्थानांतरित कर कोतवाली विकासनगर में तैनाती दी गई है।
एसएसपी देहरादून द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस विभाग में अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



