बिग ब्रेकिंग : रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक , कई स्कूलों में दो दिन की छुट्टी

रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक , कई स्कूलों में दो दिन की छुट्टी

रुद्रप्रयाग। जिले के सिंद्रवाणी (छिनका, नगरासू) क्षेत्र में गुलदार के हमले की घटना मंगलवार देर रात एक भयावह अंत तक पहुँच गई। दिनभर की उम्मीदों और रातभर चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद लगभग रात।

11 बजे जंगल से 5 वर्षीय मासूम दक्ष का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

गुलदार की सक्रियता और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कई स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है।

इनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, छिनका, झालीमठ, हिलोराधार, सिंद्रवाणी, साथ ही राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय छिनका एवं जूनियर हाईस्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इन सभी विद्यालयों में बुधवार और गुरुवार को अवकाश रहेगा।

 गांव में मातम, हर आंख नम,

मासूम दक्ष की मौत के बाद पूरे सिंद्रवाणी क्षेत्र में शोक और भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की दहशत इतनी बढ़ गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।

वन विभाग की तैयारी, लेकिन सवाल बरकरार

एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित इलाकों में पिंजरे लगाए जाएंगे। वन विभाग की गश्ती टीमें लगातार निगरानी करेंगी और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है। हालांकि, घटना के बाद वन विभाग की पूर्व तैयारी को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

प्रशासन पर फूटा गुस्सा, उक्रांद ने लगाए गंभीर आरोप

इस दर्दनाक घटना को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने वन विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री देवेंद्र चमोली ने कहा कि यह हादसा प्रशासन द्वारा जनता की पूर्व चेतावनियों को अनसुना करने का नतीजा है।

उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व इसी क्षेत्र के जोदंला (पाली मल्ली) गांव में भी गुलदार ने एक व्यक्ति की जान ली थी, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,

“जनता का सब्र जवाब दे रहा है। यदि वन विभाग और प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।”

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात छिनका, नगरासू क्षेत्र में गुलदार ने 5 वर्षीय बच्चे को अपना शिकार बना लिया था। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में मिला।