क्राइम रिपोर्ट : उत्तराखंड में हादसे, हिंसा और अपराध, एक साथ कई बड़ी घटनाओं से हिली कानून-व्यवस्था

उत्तराखंड में हादसे, हिंसा और अपराध, एक साथ कई बड़ी घटनाओं से हिली कानून-व्यवस्था

उत्तराखंड में आज अलग–अलग जिलों से आई चार बड़ी घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क हादसे से लेकर गोलीकांड, नशा तस्करी और ठगी तक—हर खबर चिंता बढ़ाने वाली है।

देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा ,

देहरादून  जिले के कालसी क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर–क्वानू मीनस मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस खाई में गिर गई। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

बस एचपी-66ए-2588 पांवटा जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस दूसरे वाहन को पास देने के दौरान अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

लक्सर में छात्र पर गोली, हालत गंभीर

हरिद्वार जिले के लक्सर में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो छात्रों के बीच हुए झगड़े में 18 वर्षीय विनायक चौधरी को गोली मार दी गई। घायल छात्र को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक पहले विवाद होली क्रॉस स्कूल के पास हुआ, बाद में केवी इंटर कॉलेज के पीछे गोली चली। आरोपी फरार है और पुलिस जांच में जुटी है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

रुद्रपुर में स्मैक तस्करी, पुलिस पर पथराव

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई के दौरान 63.38 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला गिरफ्तार की गई।

दबिश के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया।

गिरफ्तार महिला हसीना (28) के खिलाफ NDPS एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कई आरोपी मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

रामनगर में नकली किन्नरों का भंडाफोड़

नैनीताल जिले के रामनगर में नकली किन्नरों द्वारा अवैध वसूली का मामला सामने आया है। किन्नर समाज की गुरु रेशमा के नेतृत्व में दो नकली किन्नरों को पकड़ा गया, जो यूपी के भदोही जिले के निवासी निकले।

गुरु रेशमा ने कहा कि ऐसे लोग किन्नर समाज की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और जनता से अपील की कि कहीं भी नकली किन्नर दिखें तो तुरंत सूचना दें।

एक ही दिन में सामने आई ये घटनाएं बताती हैं कि ,

  •  सड़क सुरक्षा,
  • युवा अपराध,
  •  नशा तस्करी
  • ठगी

जैसे मामलों पर अब  सख्ती  टाली नहीं जा सकती। उत्तराखंड में बढ़ती घटनाएं प्रशासन के लिए चेतावनी की घंटी हैं—अब सख्त और त्वरित कार्रवाई ही हालात संभाल सकती है