नाम और धर्म पूछने के बाद मारपीट, उत्तराखंड में कश्मीरी युवकों पर हमला
देहरादून , उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में धार्मिक पहचान के आधार पर मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां फेरी लगाने आए
दो कश्मीरी मुस्लिम युवकों के साथ कथित तौर पर पहले नाम और धर्म पूछा गया, इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
पीड़ित युवकों का आरोप है कि वे रोज़ की तरह फेरी लगाकर अपना व्यवसाय कर रहे थे, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनकी पहचान पूछी।
मुस्लिम होने की पुष्टि के बाद उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में कश्मीर से आए फेरी वालों के साथ इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे न केवल पीड़ित समुदाय बल्कि स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से बयान दर्ज किए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना ने एक बार फिर धार्मिक पहचान के आधार पर होने वाली हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



