उत्तराखंड में अपराध से जुड़ी पांच बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से बीते 24 घंटों में हादसों और रेस्क्यू से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। कहीं बर्फबारी देखने आए पर्यटकों की कार खाई में गिर गई, तो कहीं गंगा में डूबते पर्यटक को राफ्टिंग गाइडों ने समय रहते बचा लिया।
वहीं वन विभाग ने आबादी वाले इलाकों से विशाल अजगर और कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इसके अलावा मारपीट और विभागीय लापरवाही से मौत के मामले भी सामने आए हैं।
चंपावत: बर्फबारी देखने आए पर्यटकों की कार खाई में गिरी
चंपावत जिले के सुखीढांग क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के सीतापुर से बर्फबारी देखने आए पर्यटकों का वाहन महिंद्रा XUV 700 अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोग स्वयं खाई से बाहर निकल आए, जबकि दो लोग घायल हो गए।
रात करीब 12:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक जोशी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल अभिषेक वर्मा (24) और दर्शिका वर्मा (17), दोनों निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि बर्फ और पाले के कारण पहाड़ी सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, ऐसे में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
रामनगर: आबादी क्षेत्र से तीन अजगर और एक कोबरा का रेस्क्यू
नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग के तराई पश्चिमी रेंज अंतर्गत बाजपुर और टांडा क्षेत्र में वन विभाग ने सतर्कता दिखाते हुए कई सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अनुभवी स्नेक कैचर तालिब हुसैन ने तीन विशाल अजगर और एक अत्यंत जहरीले कोबरा को आबादी वाले इलाके से सुरक्षित पकड़ा।
तालिब हुसैन के अनुसार, पकड़े गए अजगरों का वजन 35 से 50 किलोग्राम के बीच था। सभी सांपों को वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार घने जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने अपील की है कि सांप या वन्य जीव दिखने पर घबराएं नहीं और तुरंत विभाग को सूचना दें।
ऋषिकेश: गंगा में डूबते पर्यटक की राफ्टिंग गाइडों ने बचाई जान
ऋषिकेश के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत इको टूरिज्म जोन के यूसुफ बीच पर नहाते समय गुड़गांव का एक पर्यटक गंगा में डूब गया। पर्यटक बेहोश हो गया, लेकिन मौके पर मौजूद राफ्टिंग गाइडों के ट्रेनर विपिन शर्मा और अन्य गाइडों ने तुरंत रेस्क्यू कर सीपीआर देकर उसकी जान बचा ली।
घटना हेलमेट कैमरे में कैद हो गई। बाद में पर्यटक को 108 एंबुलेंस से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की है कि चेतावनी बोर्डों की अनदेखी न करें और गंगा में सावधानी से उतरें।
रुड़की: मोबाइल गेम विवाद में मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठरदेवा शेख गांव में मोबाइल गेम खेलने को लेकर बच्चों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने लाठी-डंडों और फावड़े से पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी हुसैन पुत्र नसीम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अल्मोड़ा: विद्युत विभाग की लापरवाही से लाइनमैन की मौत
अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर क्षेत्र के कोटूली गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन पूरन सिंह (45) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शटडाउन दिए जाने के बावजूद बिना पुष्टि किए बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। विभाग ने जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।



