फ्लैक्स में फोटो नहीं होने पर नाराज़ हुए भाजपा विधायक शिव अरोड़ा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
रिपोर्ट- राजकुमार धीमान
उत्तराखंड के रुद्रपुर से भाजपा विधायक शिव अरोड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान का बताया जा रहा है, जिसमें विधायक कार्यक्रम स्थल पर लगे फ्लैक्स में अपनी तस्वीर न होने पर नाराज़गी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं।
देखें वीडियो:-
वायरल वीडियो में विधायक शिव अरोड़ा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद आयोजकों से तीखे लहजे में बात करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी नजर मंच पर लगे फ्लैक्स पर पड़ी और उसमें उनकी तस्वीर नहीं दिखी, उन्होंने इस पर आपत्ति जताई।
वीडियो में विधायक कार्यक्रम को लेकर नाराज़गी व्यक्त करते हुए इसे “फ्लॉप” तक कहने और कार्यक्रम रोकने की चेतावनी देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना रुद्रपुर ब्लॉक में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम की बताई जा रही है, जिसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आम जनता से संवाद स्थापित करना और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे।
वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। जहां कुछ लोग इसे विधायक के आत्मसम्मान से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कई लोग इसे एक जनप्रतिनिधि के लिए अनुचित व्यवहार बता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर समर्थक और विपक्षी दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि शिव अरोड़ा भाजपा से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं और उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। फिलहाल इस पूरे मामले पर विधायक या कार्यक्रम आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



