अपडेट: उत्तराखंड में मौसम का दोहरा असर। बर्फबारी से पर्यटन में उछाल, पहाड़ों में जाम-बंद रास्ते और हिमस्खलन का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का दोहरा असर। बर्फबारी से पर्यटन में उछाल, पहाड़ों में जाम-बंद रास्ते और हिमस्खलन का अलर्ट

उत्तराखंड। हालिया बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम कुछ हद तक साफ हुआ है। मैदानी इलाकों में चटख धूप निकलने से लोगों को राहत मिली है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। हालांकि भारी बर्फबारी के कारण कई पहाड़ी इलाकों में यातायात, बिजली और संचार सेवाएं अब भी प्रभावित बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में आज भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। आगामी सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 29 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़, जाम से परेशानी

बर्फबारी के बाद नैनीताल, मसूरी, धनौल्टी, चकराता और चोपता जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

इससे कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिले हुए हैं और उन्हें अच्छे व्यवसाय की उम्मीद है।

चोपता में बर्फ से ढके रास्ते, घंटों लगा जाम

रुद्रप्रयाग जिले के चोपता-दुगलबिट्टा क्षेत्र में दो दिनों तक हुई भारी बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऊखीमठ-चोपता मार्ग पर कई वाहन बर्फ में फंस गए, जिससे घंटों लंबा जाम लग गया।

पुलिस और प्रशासन लगातार मार्ग खोलने में जुटे हुए हैं। वहीं केदारनाथ धाम में शून्य से नीचे तापमान के बावजूद आईटीबीपी और पुलिस द्वारा 24 घंटे सुरक्षा गश्त जारी है।

चकराता-त्यूणी मार्ग 30 किमी तक बंद

विकासनगर क्षेत्र में चकराता-त्यूणी मोटर मार्ग 23 जनवरी की बर्फबारी के बाद करीब 30 किलोमीटर तक बंद हो गया है। एनएच विभाग दो जेसीबी मशीनों और एक स्नो-कटर की मदद से सड़क से बर्फ हटाने में जुटा हुआ है।

लोखंडी और कोटी कनासर क्षेत्र में करीब तीन फीट तक बर्फ जमने से कई गांवों का संपर्क तहसील और ब्लॉक मुख्यालय से कट गया है।

नैनीताल में साल की पहली बर्फबारी, सैलानियों की आमद

नैनीताल में हुई साल की पहली बर्फबारी के बाद सरोवर नगरी सफेद चादर में ढक गई है। हिमालय दर्शन, चाइना पीक, मुक्तेश्वर और धारी क्षेत्र में बर्फ से ढकी पहाड़ियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। होटल व्यवसायियों को अच्छे पर्यटन सीजन की उम्मीद है।
धनौल्टी में बर्फबारी के बीच यादगार शादियां

धनौल्टी और आसपास के इलाकों में बर्फबारी के बीच कई शादियां संपन्न हुईं। बर्फ के बीच जयमाला, फेरे और विदाई के दृश्य नवविवाहितों के लिए यादगार बन गए। ढोल-दमाऊ की थाप पर बर्फ में थिरकते बारातियों के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

हिमस्खलन का अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह

रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE) ने चमोली जिले में जोन-3 (ऑरेंज अलर्ट) और उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में जोन-2 (यलो अलर्ट) जारी किया है।

3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को असुरक्षित बताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

वहीं भारी बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोल्हू खेत के पास सड़क पर पेड़ गिरने से एक पिकअप वाहन उसकी चपेट में आ गया, हालांकि चालक बाल-बाल बच गया।