बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में सीजन की पहली व्यापक बर्फबारी, 5 जिलों में एवलॉन्च अलर्ट

उत्तराखंड में सीजन की पहली व्यापक बर्फबारी, 5 जिलों में एवलॉन्च अलर्ट

  • मुनस्यारी से चोपता, अल्मोड़ा से केदारनाथ तक बर्फ की चादर, सड़कें बंद, पर्यटक फंसे

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को सीजन की पहली व्यापक बर्फबारी दर्ज की गई। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बर्फबारी से जहां तापमान में तेज गिरावट आई है, वहीं कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मुनस्यारी–चौकोड़ी में पहला हिमपात

सीमांत जिला पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, चौकोड़ी, धारचूला, दारमा और व्यास घाटी में सीजन का पहला हिमपात हुआ। खलियाटॉप, आदि कैलाश, ओम पर्वत, गुंजी, कालापानी समेत ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गईं। बर्फबारी के बाद जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं पर्यटक हिमपात का आनंद लेते नजर आए।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने खराब मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, बिजली और संचार विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति में लोगों से टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

अल्मोड़ा में भी मौसम की पहली बर्फ

अल्मोड़ा नगर सहित जागेश्वर, बिनसर वन्यजीव विहार, कसार देवी, मोरनौला, स्याही देवी, द्वाराहाट और रानीखेत के ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर बाद बर्फबारी हुई। ठंड बढ़ने और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए 24 जनवरी को जिले के सभी सरकारी, अर्धसरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

चोपता–तुंगनाथ में भारी बर्फ, सड़कें बंद

रुद्रप्रयाग जिले के चोपता और तुंगनाथ क्षेत्र में सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई। ऊखीमठ–चोपता–गोपेश्वर मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर भारी मात्रा में बर्फ जमने से सैकड़ों पर्यटक अलग-अलग स्थानों पर फंस गए। कई पर्यटकों को वाहन छोड़कर पैदल सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। बर्फ हटाने की धीमी प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

चकराता–विकासनगर मार्ग बाधित

विकासनगर–चकराता मोटर मार्ग पर बर्फबारी और बारिश के चलते जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्नो कटर और जेसीबी मशीन से मार्ग खोलने का कार्य जारी है।

5 जिलों में एवलॉन्च अलर्ट

डिफेंस जियो इंफॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (DGRE) ने उत्तराखंड के पांच जिलों में एवलॉन्च को लेकर चेतावनी जारी की है।

  • ऑरेंज अलर्ट: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़
  • येलो अलर्ट: बागेश्वर

2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

किसानों और पर्यटन के लिए राहत

लंबे समय के बाद हुई बारिश और बर्फबारी को किसानों, बागवानों और होटल कारोबारियों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।

इससे गेहूं, सरसों, दालों और फलदार पौधों को लाभ मिलने के साथ-साथ जल स्रोतों और नदियों के रिचार्ज होने की उम्मीद है। वहीं, बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।