अपडेट: 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर देहरादून तैयार, परेड ग्राउंड से मस्जिद-मदरसे तक लहराएगा तिरंगा

77वें गणतंत्र दिवस को लेकर देहरादून तैयार, परेड ग्राउंड से मस्जिद-मदरसे तक लहराएगा तिरंगा

देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित रूप से मनाने के लिए राजधानी देहरादून में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने शनिवार को विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और पूर्ण निष्ठा से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।

परेड ग्राउंड में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड ग्राउंड में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं:-

  • गेट नंबर-1: मुख्य मंच, गंगा और अलकनंदा ब्लॉक के पास धारकों के लिए
  • गेट नंबर-2: भागीरथी ब्लॉक के पास धारकों के लिए
  • गेट नंबर-3: परेड दलों और झांकियों के लिए
  • गेट नंबर-4: आसन, टौंस और यमुना ब्लॉक के

पास धारकों सहित आम दर्शकों के लिए ब्लॉकवार बैठने की व्यवस्था

  • गंगा ब्लॉक: मुख्यमंत्री के अतिथि, विधायक, दायित्वधारी एवं उनके परिवार
  • अलकनंदा ब्लॉक: न्यायमूर्ति, न्यायिक अधिकारी, आयोग अध्यक्ष व अधिकारी
  • भागीरथी ब्लॉक: सैन्य अधिकारी और उनके परिवार
  • यमुना ब्लॉक: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व राज्य आंदोलनकारी
  • टौंस ब्लॉक: प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि
  • आसन ब्लॉक: अन्य अतिथि
  • जबकि दर्शक दीर्घा में सामान्य नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है।

सुबह 10 बजे शुरू होगा मुख्य समारोह

गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा।

  • 10:00 बजे – परेड दलों की पंक्तिबद्धता
  • 10:20 बजे – मुख्यमंत्री का आगमन
  • 10:28 बजे – राज्यपाल का आगमन
  • 10:30 बजे – ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान

इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में 10 प्लाटून भाग लेंगी। एसएसपी द्वारा परेड की रिहर्सल का भी निरीक्षण किया गया है। सीडीओ अभिनव शाह ने बताया कि मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाओं का अभ्यास पूरा कर लिया गया है।

गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंड की सभी मस्जिदों और मदरसों में फहराया जाएगा तिरंगा

उत्तराखंड में इस बार गणतंत्र दिवस को सांप्रदायिक सौहार्द और देशभक्ति के संदेश के साथ मनाया जाएगा। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने प्रदेश की सभी मस्जिदों, मदरसों और वक्फ संपत्तियों पर 26 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के आदेश जारी किए हैं।

वक्फ बोर्ड द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि गणतंत्र दिवस भारत का राष्ट्रीय पर्व है, जो देश के संविधान के लागू होने और भारत के पूर्ण गणतंत्र बनने का प्रतीक है। इस अवसर पर ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के भी निर्देश दिए गए हैं।

देशभक्ति की नई मिसाल बनेगा उत्तराखंड: शादाब शम्स
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड न केवल आध्यात्मिक बल्कि सैनिक भूमि के रूप में भी जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि,  “गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की हर मस्जिद, हर मदरसा और हर वक्फ संपत्ति पर तिरंगा शान से लहराएगा। वतन से मोहब्बत ईमान का हिस्सा है और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान हमारा कर्तव्य है।”

वक्फ बोर्ड ने सभी मुतवल्लियों और प्रबंधन समितियों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।