उत्तराखंड में ठगी और हादसों की बाढ़। जमीन व सोने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, लक्सर में युवक की मौत
देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से ठगी और सड़क हादसों के गंभीर मामले सामने आए हैं। कहीं जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी हुई, तो कहीं ज्वैलरी शोरूम में नकली सोने की चूड़ियों से लाखों की ठगी की गई। वहीं हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
देहरादून में जमीन दिलाने के नाम पर दो मामलों में लाखों की ठगी
राजधानी देहरादून के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर बैंक अधिकारी और एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
थाना नेहरू कॉलोनी में माजरा ब्रांच में कार्यरत बैंक अधिकारी सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि विवेक बद्री ने जोगीवाला क्षेत्र में जमीन बेचने का झांसा देकर पहले 50 हजार रुपये नकद और बाद में साढ़े पांच लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद न तो एग्रीमेंट हुआ और न ही रजिस्ट्री। पुलिस ने विवेक बद्री, सूरत सिंह राणा और संजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं कोतवाली पटेल नगर में पथरी बाग निवासी साक्षी ने शिकायत दर्ज कराई कि रौनक अली ने करगी ग्रांट की जमीन दिखाकर साढ़े आठ लाख रुपये ले लिए। बाद में पता चला कि जमीन किसी और के नाम है। पुलिस ने आरोपी रौनक अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरिद्वार में ज्वैलरी शोरूम से लाखों की ठगी
हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक ज्वैलरी शोरूम से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आर्यनगर चौक स्थित गुप्ता जी एंड संस ज्वैलर्स से आरोपी दीपक चौहान ने पहले असली सोने की चूड़ियां खरीदीं और फिर हूबहू वैसी दिखने वाली नकली चूड़ियां एक्सचेंज कराकर असली चूड़ियां ले गया।
बाद में जांच में सामने आया कि चूड़ियों पर केवल सोने की पॉलिश थी और अंदर रंगीन धातु निकली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से पहले युवक की मौत
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक ऋषभ की फरवरी में शादी होनी थी। यह हादसा लक्सर–गोवर्धनपुर मार्ग पर देर रात हुआ, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
फुटेज में दिख रहा है कि पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी और युवक को कुचल दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
तीनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी के मामलों में आरोपियों की तलाश की जा रही है, वहीं लक्सर हादसे में ट्रक चालक की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



