खुलासा: मिर्जापुर में जिम की आड़ में ब्लैकमेलिंग का खेल, धर्मांतरण का दबाव, कई जिम सील

जिम की आड़ में ब्लैकमेलिंग का खेल, धर्मांतरण का दबाव, कई जिम सील

उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर जिले से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिम की आड़ में युवतियों को कथित तौर पर फंसाकर ब्लैकमेल करने और उन पर धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोप लगे हैं।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कई जिम सील कर दिए हैं और आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी है।

यह मामला मिर्जापुर के कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। आरोप है कि KGN और आयरन फायर जिम में काम करने वाले कुछ ट्रेनर वर्कआउट के लिए आने वाली युवतियों से पहले दोस्ती बढ़ाते थे, फिर निजी फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। इसके बाद पीड़िताओं पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया।

दो पीड़ित युवतियों की शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे और अलग-अलग जिमों से जुड़े होकर संगठित तरीके से एक नेटवर्क चला रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए KGN-1, KGN-2, KGN-3 और आयरन फायर जिम को सील कर दिया है। इस मामले में मोहम्मद शेख अली और फैजल खान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जहीर और सादाब को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जहीर को KGN-1 जिम का मालिक बताया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच चल रही है।

उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में और पीड़ित सामने आते हैं तो उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने युवतियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ब्लैकमेल, दबाव या शोषण की स्थिति में बिना डर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।