क्राइम रिपोर्ट: हमले, रहस्यमयी मौतें, सड़क हादसे और करोड़ों का फर्जीवाड़ा, एक क्लिक में पढ़ें….

हमले, रहस्यमयी मौतें, सड़क हादसे और करोड़ों का फर्जीवाड़ा, एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों के भीतर सामने आई घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और प्रशासनिक सख्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं राजनीतिक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ है, तो कहीं निर्माणाधीन मकान से अज्ञात शव मिला है।

सड़क हादसों में युवाओं की जान जा रही है, वहीं निवेश घोटालों में हजारों लोग ठगे जा चुके हैं। राजधानी देहरादून से लेकर हल्द्वानी और हरिद्वार तक हालात चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहे हैं।

रुद्रपुर: कांग्रेस विधायक के बेटे पर हमला, पुलिस को अल्टीमेटम

पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र एवं रुद्रपुर नगर निगम वार्ड 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ पर 18 जनवरी को तीन नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज विधायक बेहड़ के आवास पर एक महाबैठक आयोजित की गई, जिसमें राजनीतिक दलों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में पुलिस को 21 जनवरी तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। विधायक बेहड़ ने कहा कि यह हमला केवल उनके बेटे पर नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर हमला है।

जरूरत पड़ने पर एसपी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने की भी चेतावनी दी गई है। वहीं एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने जांच पूरी कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हरिद्वार: निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक से अज्ञात शव बरामद

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित गायत्री विहार में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, हालांकि शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

लक्सर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक बृजेश कुमार (22) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक ड्यूटी खत्म कर रात में अपने गांव लौट रहे थे।

इस मार्ग पर अब तक छह से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन हादसों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

रुद्रपुर: विधायक अरविंद पांडे को अतिक्रमण हटाने का नोटिस

गदरपुर विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। तहसील प्रशासन ने उनके कैंप कार्यालय को सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण बताते हुए 15 दिन में हटाने का नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई है।

विधायक के बेटे अतुल पांडे ने कहा कि नोटिस का जवाब कोर्ट में दिया जाएगा, वहीं समर्थकों ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।

देहरादून: शिक्षा नगरी में बढ़ती हिंसा, एंजेल चकमा केस के बाद भी हालात जस के तस

राजधानी देहरादून, जिसे कभी शांति और शिक्षा की नगरी कहा जाता था, अब लगातार हिंसक घटनाओं की चपेट में है। दिसंबर में छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे, लेकिन इसके उलट रोड रेज, छात्रों के बीच मारपीट, छेड़खानी का विरोध करने पर जानलेवा हमले जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

धर्मपुर चौक, पटेलनगर, तिलक रोड और सेलाकुई जैसे इलाकों में हुई घटनाओं ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता विनीता गोनियल का कहना है कि बढ़ती आबादी, नशा, बेरोजगारी और सोशल मीडिया का आक्रामक असर युवाओं को हिंसा की ओर धकेल रहा है।

वहीं एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और छात्र बाहुल्य इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है।

हल्द्वानी: रेलवे क्रॉसिंग पर युवक की बेरहमी से पिटाई

हल्द्वानी में रेलवे क्रॉसिंग पर रंजिश के चलते हुसैन वारिस और उसके साथियों के साथ लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की है। मारपीट का वीडियो पुलिस को सौंपा गया है। हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।

हल्द्वानी: GMFX निवेश घोटाले में बड़ी गिरफ्तारी

बहुचर्चित GMFX GLOBAL LIMITED निवेश घोटाले में नैनीताल पुलिस ने कंपनी के मालिक बिमल रावत को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आरोप है कि अभियुक्त ने 25–30 महीनों में रकम दोगुनी करने और 8% मासिक रिटर्न का झांसा देकर करीब 8000 निवेशकों से लगभग 39 करोड़ रुपये ठग लिए।

जांच में सामने आया है कि अधिकांश पैसा जमीन खरीद में लगाया गया, जबकि खातों में नगण्य राशि पाई गई। SSP नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि असामान्य रिटर्न के लालच में किसी भी अप्रमाणित योजना में निवेश न करें।

राजनीतिक हमले, आपराधिक वारदातें, सड़क हादसे और आर्थिक ठगी उत्तराखंड में एक साथ सामने आ रही ये घटनाएं प्रशासन और समाज दोनों के लिए चेतावनी हैं।

सवाल सिर्फ अपराध होने का नहीं, बल्कि उन्हें रोकने, समय पर कार्रवाई और भरोसे की बहाली का है। अब देखना यह होगा कि पुलिस-प्रशासन इन चुनौतियों से कैसे निपटता है और आम जनता को कब तक सुरक्षित माहौल मिल पाता है।